एग्रीस्टेक फार्मर आईडी अभियान शुरू: 31 जुलाई तक बनवाएं 11 अंकों की यूनिक किसान आईडी

पीएम किसान, खाद, उर्वरक, कृषि ऋण सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीयन जरूरी

कोरबा। किसानों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और शासकीय योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने एग्रीस्टेक फार्मर आईडी (Farmer ID) पंजीयन अभियान शुरू किया है। जिले में यह विशेष अभियान 31 जुलाई 2026 तक चलाया जाएगा।

कृषक पंजीयन डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के तहत एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से कृषि भूमिधारकों का एकीकृत डिजिटल डाटाबेस तैयार किया जा रहा है। इससे किसानों की पहचान भूमि स्वामित्व से जुड़ जाएगी और सरकारी योजनाओं, कृषि अनुदान, फसल बीमा तथा अन्य सुविधाओं का लाभ पात्र किसानों तक आसानी से पहुंच सकेगा।

ऐसे बनवाएं फार्मर आईडी
किसान स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। इसके अलावा लोक सेवा केंद्र एवं सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है।

आधार सत्यापन के बाद किसानों को 11 अंकों की यूनिक फार्मर आईडी जारी की जाएगी।

पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेज

आधार कार्ड

आधार से लिंक मोबाइल नंबर

खसरा एवं बी-1 की प्रति

31 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान
राजस्व, कृषि विभाग और लोक सेवा केंद्रों की संयुक्त टीम द्वारा चयनित ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। किसानों को जागरूक करने के लिए मैदानी अमले, वरिष्ठ कृषि अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं किसान मित्रों को प्रशिक्षण देकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

उप संचालक कृषि देवेंद्र पाल सिंह कंवर ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना,धान विक्रय,खाद-उर्वरक वितरण तथा कृषि ऋण जैसी योजनाओं का निर्बाध लाभ लेने के लिए अपने निकटतम सेवा सहकारी समिति या लोक सेवा केंद्र में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर समय रहते एग्रीस्टेक फार्मर आईडी बनवाएं।