मटन मार्केट के पास देर रात वारदात, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती; पुलिस जांच में जुटी
कोरबा। बालको थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित मटन मार्केट के पास सुलभ शौचालय में कार्यरत एक कर्मचारी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया।
हमलावर ने कर्मचारी पर लगातार तीन वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार बालको अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार परसाभाठा निवासी विनय कुमार सिंह (49 वर्ष) बालको मटन मार्केट स्थित सुलभ शौचालय में कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात करीब तीन बजे ड्यूटी के दौरान परसाभाठा निवासी राज वहां पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर विनय कुमार सिंह पर लगातार तीन वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल विनय लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को बालको अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार घायल के बयान एवं प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही हमले के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
थाना से कुछ ही दूरी पर हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

