देवपहरी, केंदई, परसखोला, सतरेंगा समेत पर्यटन स्थलों पर प्रशासन की अपील सुंदरता का आनंद लें, जोखिम से बचें
कोरबा। मानसून की बारिश ने कोरबा जिले के जलप्रपातों, जंगलों और पर्यटन स्थलों की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए हैं। देवपहरी, परसखोला, केंदई, फुटहामुड़ा, सतरेंगा, नकिया सहित कई प्राकृतिक स्थल इन दिनों पर्यटकों की पहली पसंद बने हुए हैं। लेकिन बारिश के मौसम में यही मनमोहक नज़ारे कभी भी जानलेवा साबित हो सकते हैं।
प्रशासन ने लोगों से पिकनिक के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
विशेषज्ञों के अनुसार बरसात में झरनों और नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऊपरी क्षेत्रों में हुई बारिश का पानी कुछ ही मिनटों में तेज बहाव के साथ नीचे पहुंच जाता है। पानी के भीतर छिपी गहरी खाइयां, फिसलन भरी चट्टानें और तेज धाराएं दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनती हैं।
हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग झरनों के पास सेल्फी लेने, वीडियो बनाने या पानी में उतरने का जोखिम उठाते हैं। यही लापरवाही कई बार दुखद हादसों में बदल जाती है। बीते वर्षों में जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर कई लोग तेज बहाव में बह गए या फिसलकर गंभीर दुर्घटनाओं का शिकार हुए हैं।
प्रशासन ने बताया कि बारिश के दौरान चट्टानों पर काई जमने से वे बेहद फिसलन भरी हो जाती हैं। कई स्थानों पर पानी के नीचे गहरे गड्ढे और चट्टानों की दरारें होती हैं, जो बाहर से दिखाई नहीं देतीं। ऐसे में थोड़ी सी असावधानी भी जानलेवा साबित हो सकती है।
पुलिस, नगर सेना और एसडीआरएफ लगातार लोगों से चेतावनी बोर्डों का पालन करने और जोखिम वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील कर रहे हैं। बावजूद इसके कई लोग सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी कर खतरे वाले स्थानों तक पहुंच जाते हैं।
पिकनिक पर जाते समय रखें ये सावधानियां
तेज बारिश या खराब मौसम में पर्यटन स्थलों पर जाने से बचें।
झरनों, नदियों और तेज बहाव वाले पानी में उतरने का जोखिम न लें।
चेतावनी बोर्ड और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
फिसलन भरी चट्टानों पर चढ़कर सेल्फी या वीडियो बनाने से बचें।
बच्चों पर विशेष निगरानी रखें और उन्हें अकेले पानी के पास न जाने दें।
नशे की हालत में किसी भी पर्यटन स्थल पर न जाएं।
प्राथमिक उपचार सामग्री, टॉर्च और मोबाइल साथ रखें।
किसी भी दुर्घटना की स्थिति में स्वयं बचाव का प्रयास न करें, तत्काल डायल-112 या पुलिस को सूचना दें।
पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखें और प्लास्टिक या अन्य कचरा न फैलाएं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में प्रकृति की सुंदरता का आनंद सुरक्षित दूरी से लें। कुछ पल का रोमांच जीवनभर के दुख में न बदल जाए, इसके लिए सतर्क रहें और अपने परिवार को भी सुरक्षित रखें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

