हाथ धोने पहुंचे सदस्य की पड़ी नजर, सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाला कॉमन करैत
कोरबा। समय रहते सतर्कता और RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। शहर के एक घर में वॉश बेसिन के नीचे अत्यंत विषैले कॉमन करैत (घोड़ा करैत) के छिपे होने की सूचना पर रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षित तरीके से सांप को पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, घर का एक सदस्य हाथ धोने के लिए वॉश बेसिन के पास पहुंचा तो उसकी नजर नीचे किसी चमकती हुई चीज पर पड़ी। ध्यान से देखने पर पता चला कि वहां एक सांप बैठा हुआ है। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए परिवार के लोगों ने बिना जोखिम उठाए सुरक्षित दूरी बनाई और तुरंत RCRS के अध्यक्ष अविनाश यादव को सूचना दी।
सूचना मिलते ही अविनाश यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण में उन्होंने बताया कि यह कॉमन करैत (Common Krait) है, जिसे स्थानीय भाषा में घोड़ा करैत कहा जाता है। यह भारत के सबसे विषैले सांपों में से एक है और इसका विष अत्यंत घातक माना जाता है।
रेस्क्यू अभियान के दौरान कुछ देर बाद करैत स्वयं वॉश बेसिन के नीचे से बाहर निकल आया, जिसके बाद टीम ने पूरी सावधानी के साथ उसे सुरक्षित पकड़ लिया। सफल रेस्क्यू के बाद परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली तथा RCRS टीम का आभार व्यक्त किया।
RCRS की अपील
RCRS ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग अथवा प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि वन्यजीव और आम नागरिक दोनों सुरक्षित रह सकें।
RCRS के अनुसार संस्था के सभी सदस्य प्रशिक्षित एवं अनुभवी रेस्क्यूअर हैं, जो सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से रेस्क्यू कार्य करते हैं।
📞 हेल्पलाइन नंबर : 9827917848, 9009996789, 7987957958
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















