कोरबा। जमनीपाली स्थित नवजीवन हॉस्पिटल में संचालित आउटसोर्स पैथोलॉजी लैब की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर प्रश्न उठाए गए हैं। कोरबा निवासी राकेश कैवर्त ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि एनटीपीसी कोरबा के महाप्रबंधक एवं नवजीवन हॉस्पिटल प्रबंधन को भी भेजी गई है।
शिकायत में कहा गया है कि अस्पताल की पैथोलॉजी सेवाओं का संचालन आउटसोर्स एजेंसी अपेक्स पैथोलॉजी लैब द्वारा किया जा रहा है। इसकी कार्यप्रणाली को लेकर कई बिंदुओं पर जांच की आवश्यकता जताई गई है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यह मामला सीधे मरीजों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ा है, इसलिए तथ्यों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
पैथोलॉजिस्ट की मौजूदगी पर उठे सवाल
शिकायत में मांग की गई है कि यह जांच की जाए कि लैब में नियमित रूप से योग्य पैथोलॉजिस्ट की उपस्थिति रहती है या नहीं तथा जांच रिपोर्टों का परीक्षण एवं प्रमाणीकरण नियमानुसार किया जा रहा है या नहीं।
थायरॉइड जांच की प्रक्रिया पर भी सवाल
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि लैब में थायरॉइड जांच के लिए आवश्यक मशीन की कार्यशीलता को लेकर जानकारी प्राप्त हुई है। शिकायतकर्ता ने मांग की है कि यदि मशीन उपलब्ध या चालू नहीं है तो संबंधित जांच कहां और किस प्रक्रिया के माध्यम से कराई जा रही है, इसकी भी जांच की जाए।
रिपोर्टों पर चिकित्सक के हस्ताक्षर की जांच की मांग
शिकायत में कहा गया है कि जांच रिपोर्टों पर डॉ. माईकल कुजूर का नाम एवं हस्ताक्षर अंकित होने की जानकारी मिली है। शिकायतकर्ता ने अनुरोध किया है कि यह सत्यापित किया जाए कि संबंधित चिकित्सक नियमानुसार रिपोर्टों का परीक्षण और प्रमाणीकरण कर रहे हैं अथवा नहीं।
वैधानिक मानकों की जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने यह भी मांग की है कि जांच के दौरान लैब के लाइसेंस, पंजीकरण, क्लिनिकल एस्टैब्लिशमेंट नियमों, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य निर्धारित मानकों के पालन की भी जांच की जाए।
उन्होंने आग्रह किया है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित संस्था एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि मरीजों के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का जोखिम न हो।
यह मामला शिकायत के आधार पर सामने आया है। समाचार प्रकाशित किए जाने तक संबंधित लैब एवं अस्पताल प्रबंधन का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

