जल संसाधन विभाग की भूमि पर निर्माण का दावा, जनदर्शन व समाधान शिविर में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
कोरबा।कोरबा जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लालपुर-माचाडोली में शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जा कर निर्माण किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जल संसाधन विभाग की भूमि पर बिना वैधानिक अनुमति के मकान का निर्माण कराया जा रहा है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में जनदर्शन एवं समाधान शिविर के माध्यम से जिला प्रशासन को लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत के बाद संबंधित अधिकारियों ने जांच कर निर्माण कार्य पर रोक लगाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक न तो निर्माण कार्य रुका और न ही कोई प्रभावी कार्रवाई की गई। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार 13 जुलाई को एक बार फिर जल संसाधन विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपकर शासकीय भूमि पर हो रहे निर्माण की निष्पक्ष जांच, निर्माण कार्य पर तत्काल रोक तथा अतिक्रमण हटाने की मांग की गई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की घटनाओं को बढ़ावा मिल सकता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि जांच में अनियमितता या अवैध कब्जे की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।
(नोट: यह समाचार ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों और शिकायत के आधार पर तैयार किया गया है। संबंधित विभाग या पक्ष का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

