कोरबा। “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत साइबर पुलिस थाना कोरबा ने ऑनलाइन साइबर ठगी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 19 पीड़ितों को कुल 1 लाख 55 हजार 440 रुपये की ठगी गई राशि वापस दिलाई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) और बैंकिंग संस्थानों के समन्वय से पीड़ितों को राहत मिली है। शेष मामलों में राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया भी जारी है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कटघोरा) एवं साइबर नोडल अधिकारी नीतीश ठाकुर के मार्गदर्शन में साइबर पुलिस लगातार ऑनलाइन ठगी के मामलों में प्रभावी कार्रवाई कर रही है। पुलिस का उद्देश्य साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ पीड़ितों को उनकी राशि शीघ्र वापस दिलाना है।
साइबर पुलिस के अनुसार, एनसीआरपी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंकों और वित्तीय संस्थानों से समन्वय स्थापित किया गया। समय रहते ठगी की राशि को विभिन्न बैंक खातों में होल्ड (डेबिट फ्रीज) कराया गया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद एमआरएम पोर्टल के माध्यम से 19 शिकायतकर्ताओं के खातों में कुल ₹1,55,440 सफलतापूर्वक वापस जमा कराए गए।
पुलिस ने बताया कि जिन मामलों में अभी कुछ राशि शेष है, उन्हें भी नियमानुसार होल्ड कराने और वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ितों के खातों में वापस भेजने की कार्रवाई जारी है। साइबर पुलिस प्रत्येक प्रकरण की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है।
साइबर पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार की ऑनलाइन साइबर ठगी का शिकार होते हैं तो बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in� पर तत्काल शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत मिलने से ठगी गई राशि को सुरक्षित होल्ड कर वापस दिलाने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
पुलिस ने लोगों से अनजान लिंक पर क्लिक न करने, फर्जी कॉल से सावधान रहने तथा किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की भी अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

