‘युवा उड़ान 2026’ में शिक्षा, रोजगार और खेल को बढ़ावा देने पर जोर
कोरबा।छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें विकास की प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग एवं जिला प्रशासन कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना युवाओं की प्रतिभा, संकल्प और सक्रिय भागीदारी से ही साकार होगा। युवा उड़ान अभियान शिक्षा, रोजगार और खेल के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर देगा।
मंत्री देवांगन ने युवाओं से देश और प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने तथा भ्रामक नैरेटिव से बचकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा चुनाव सुधार प्रणाली से जुड़े विषयों पर भी अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से जिले में शिक्षा और अधोसंरचना के विकास के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, छात्रावासों और महाविद्यालय भवनों के निर्माण एवं मरम्मत के साथ जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जा रहा है। जिले में मेडिकल कॉलेज की शुरुआत तथा सड़क और रेल संपर्क के विस्तार से विकास की नई संभावनाएं पैदा होंगी।
इस अवसर पर मंत्री ने राजीव गांधी ऑडिटोरियम के नवीनीकरण के लिए जिला खनिज न्यास से दो करोड़ रुपये की स्वीकृति की घोषणा की।
खेल अधोसंरचना के विकास पर जोर
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि ‘युवा उड़ान 2026’ की वास्तविक शक्ति यहां उपस्थित विद्यार्थी और युवा हैं।
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी निर्णायक होगी। उन्होंने बताया कि कोरबा को खेलों के मॉडल शहर के रूप में विकसित करने के लिए खेल अधोसंरचना तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
इसके तहत शासकीय पीजी कॉलेज में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक के निर्माण, इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम के उन्नयन तथा आदिवासी बालक एवं बालिका खेल परिसर के विस्तार सहित विभिन्न खेल सुविधाओं से संबंधित प्रस्तावों पर काम किया जा रहा है। इन प्रयासों से जिले के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतिभा निखारने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिलेगी।
सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी को युवा शक्ति की पहचान बताया
छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि युवा होने की पहचान केवल उम्र या वेशभूषा से नहीं, बल्कि विचारों, कर्मों और समाज के प्रति जिम्मेदारी से होती है। सच्चा युवा वही है जो जरूरतमंद की मदद करे, कमजोर का सहारा बने, सेवा को अपना धर्म माने और नारी शक्ति, माता-पिता तथा बड़ों का सम्मान करे।
उन्होंने कहा कि कथनी और करनी में समानता रखते हुए देशसेवा को जीवन का उद्देश्य बनाना ही युवा शक्ति का वास्तविक परिचय है।कार्यक्रम में युवाओं को सुझाव-पत्र उपलब्ध कराए गए,जिनके माध्यम से वेअपनी आवश्यकताओं, समस्याओं और विचारों को साझा कर सकते हैं। प्राप्त सुझावों पर विचार कर उपयुक्त प्रस्तावों को युवा नीति में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।
युवाओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं सहित उपस्थित युवाओं को उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया। आयोजन के माध्यम से युवाओं को अपने विचार साझा करने, शासन की युवा नीति से जुड़ने और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का अवसर मिला।
इस अवसर पर महापौर संजूदेवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, गोपाल मोदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















