बड़मार जंगल में जुए के फड़ पर पुलिस का छापा, 6 जुआरी गिरफ्तार; 10 बाइक, 6 मोबाइल और नकदी जब्त

कोरबा। जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत करतला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़मार जंगल में संचालित जुए के फड़ पर छापा मारा।

पुलिस ने मौके से 6 जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5,350 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, एक तिरपाल, 6 मोबाइल फोन तथा 10 मोटरसाइकिल जब्त की हैं।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में जिलेभर में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बड़मार के जंगल में कुछ लोग हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।

सूचना मिलते ही करतला पुलिस ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए छह आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री, नकदी, मोबाइल फोन और घटनास्थल पर खड़ी 10 मोटरसाइकिल जब्त की गईं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 111/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जुआ, सट्टा, अवैध मादक पदार्थों के कारोबार तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि अपने क्षेत्र में होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।