निर्माणाधीन पुल से 30 फीट नीचे गिरी कार, कोरबा के चार युवक गंभीर घायल

कोरबा। कोरबा-उरगा-बिलासपुर निर्माणाधीन फोरलेन मार्ग पर सोमवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। ग्राम ढेंका के पास निर्माणाधीन पुल से एक कार करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार कार में सवार चारों युवक कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रहे थे। अरपा नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अभी अधूरा है और आगे सड़क का संपर्क नहीं जुड़ा है। बताया जा रहा है कि कार चालक को इसकी जानकारी नहीं थी। इसी कारण तेज रफ्तार कार सीधे अधूरे पुल से आगे बढ़ गई और लगभग 30 फीट नीचे जा गिरी।

हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह निर्माणाधीन पुल के अधूरे हिस्से की जानकारी नहीं होना माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।