ढेंगुरनाला पुल के पास भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर की चपेट में आई बाइक, दो युवतियों की मौके पर मौत, युवक गंभीर घायल

कोरबा। बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड स्थित ढेंगुरनाला  पुल के पास सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवतियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को डायल-112 की सहायता से तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोयले से लदे ट्रेलर क्रमांक CG 12 BG 2932 और मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 CB 2635 के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवतियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके साथ सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। समाचार लिखे जाने तक मृतक युवतियों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी थी।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है।