अच्छे काम ही अधिकारी की असली पहचान, ऐसा कार्य करें जिसे लोग वर्षों तक याद रखें : कुणाल दुदावत

जिपं सीईओ दिनेश कुमार नाग और आईएएस तन्मय खन्ना को भावभीनी विदाई, प्रशासनिक योगदान की सराहना

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में पद और स्थान बदलते रहते हैं, लेकिन अधिकारी अपने उत्कृष्ट कार्यों से ऐसी पहचान बना सकते हैं, जिसे लोग लंबे समय तक याद रखें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

कलेक्टर दुदावत यह बातें निवर्तमान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग तथा कटघोरा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं सहायक कलेक्टर आईएएस तन्मय खन्ना के स्थानांतरण पर आयोजित विदाई समारोह में संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी की वास्तविक पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि जनता के हित में किए गए कार्यों, बेहतर प्रशासन और सकारात्मक परिणामों से बनती है। जहां भी जिम्मेदारी मिले, वहां पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर शासन और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना चाहिए।

कलेक्टर ने दिनेश कुमार नाग और तन्मय खन्ना द्वारा कोरबा जिले में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

तन्मय खन्ना का किया सम्मान
कटघोरा के एसडीएम एवं सहायक कलेक्टर आईएएस तन्मय खन्ना की जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), बस्तर के पद पर नियुक्ति होने पर जिला प्रशासन ने उनका आत्मीय सम्मान करते हुए भावभीनी विदाई दी।

इस अवसर पर अधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए सफल प्रशासनिक कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि तन्मय खन्ना एक ऊर्जावान, प्रतिभाशाली और युवा आईएएस अधिकारी हैं, जिनके सामने प्रशासनिक सेवा का लंबा और उज्ज्वल भविष्य है। विश्वास है कि वे नई जिम्मेदारी में भी उत्कृष्ट कार्य कर अपनी अलग पहचान बनाएंगे।

विदाई समारोह में प्रशिक्षु आईएएस विशाल जायसवाल, आईएएस तरुण कुमार किरण,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले,एसडीएम सरोज महिलांगे सहित जिला प्रशासन के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।