‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ा कटघोरा, नपा अध्यक्ष ने किया पौधारोपण

कोरबा-कटघोरा।पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद कटघोरा द्वारा सोमवार को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वार्ड क्रमांक-2 स्थित अंबेडकर भवन परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मुद्रिका प्रसाद तिवारी, पार्षद पवन अग्रवाल, अजय गर्ग, निशार खान सहित नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और हरित क्षेत्र के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का संकल्प लिया। नगर पालिका प्रशासन ने भी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।