हाथ-पैर बांधकर मुंह में ठूंसा कपड़ा, फरार बाल अपचारी कोरबा और रायगढ़ के ; फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के नूतन चौक स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां तैनात 40 वर्षीय प्रहरी नरेंद्र कुमार की हत्या कर चार बाल अपचारी फरार हो गए। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कलेक्टर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार मृतक प्रहरी नरेंद्र कुमार तखतपुर के अरईबंद गांव के निवासी थे। सोमवार सुबह उनका शव संप्रेक्षण गृह के मुख्य गेट के पास मिला। उनके हाथ-पैर कपड़े से बंधे हुए थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात रविवार देर रात करीब 12 बजे के आसपास की बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध चार बाल अपचारी फरार मिले। प्रारंभिक जानकारी में इनका संबंध कोरबा और रायगढ़ जिले से बताया जा रहा है।
आशंका जताई जा रही है कि फरार होने के दौरान ही इन बाल अपचारियों ने प्रहरी की हत्या की। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के क्षेत्रों में फरार बाल अपचारियों की तलाश के लिए व्यापक सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
इस घटना ने बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रात के समय सुरक्षा की जिम्मेदारी सीमित कर्मचारियों पर थी। वहीं, मृतक के परिजनों ने भी मामले में किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई है। पुलिस ने कहा है कि सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

