गौ तस्करी के शक में पिकअप चालक की पिटाई,7-8 लोगों पर मामला दर्ज,पुलिस जांच मे जुटी

कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गौ तस्करी के संदेह में एक पिकअप चालक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। जशपुर से घरेलू सामान लेकर कोरबा आ रहे चालक को रास्ते में रोककर 7 से 8 लोगों ने लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावर खुद को बजरंग दल से जुड़ा बता रहे थे। घटना की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार पीड़ित चालक सोनू शर्मा जशपुर से एक शिक्षक का घरेलू सामान लेकर कोरबा आ रहा था।

शिक्षक के स्थानांतरण के कारण पिकअप वाहन में पलंग, अलमारी, बर्तन और अन्य घरेलू उपयोग का सामान लदा हुआ था। रविवार को जब वह सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गोढ़ी के पास पहुंचा, तभी 7-8 लोगों ने उसका वाहन रुकवा लिया।

पीड़ित का आरोप है कि वाहन रोकने के बाद हमलावरों ने पिकअप में रखे सामान की तलाशी ली और गौ तस्करी का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट में चालक के सिर, चेहरे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे सड़क पर छोड़कर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद घायल चालक ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।

मामले की जांच जारी है और पुलिस आसपास के साक्ष्यों तथा अन्य तथ्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।