कोरबा। श्रमिकों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर और बिना किसी परेशानी के मिल सके, इस उद्देश्य से नगर निगम के वार्ड क्रमांक-16 स्थित पंप हाउस क्षेत्र में श्रमिक हितग्राही कार्ड ई-केवाईसी एवं दस्तावेज अद्यतन शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने पहुंचकर अपने हितग्राही कार्ड की ई-केवाईसी कराई तथा आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन और अद्यतन कराया।
शिविर में ऐसे श्रमिकों की समस्याओं का भी मौके पर समाधान किया गया, जिनके कार्ड में तकनीकी त्रुटियां या दस्तावेज संबंधी कमियां थीं। कर्मचारियों ने आवश्यक दस्तावेज अपडेट कर हितग्राहियों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाई। इससे श्रमिकों का समय और खर्च दोनों बचा।
शिविर के दौरान वार्ड पार्षद राम कुमार साहू, पार्षद अनुज श्रीवास, प्रजापति सुनीता साहू, खगेंद्र साहू, डोरी लाल केवट, शांति ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा करते हुए अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों से ई-केवाईसी कराने की अपील की।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि श्रमिक हितग्राही कार्ड शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यदि कार्ड का ई-केवाईसी और दस्तावेज समय पर अपडेट नहीं किए गए, तो भविष्य में योजनाओं का लाभ मिलने में कठिनाई हो सकती है।
उन्होंने बताया कि शासन श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रहा है।
इनका लाभ प्रत्येक पात्र श्रमिक तक पहुंचे, इसके लिए समय-समय पर ऐसे शिविर लगाए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में नियमित रूप से ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

