मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे, ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जन-जन तक पहुंचेंगे कार्यकर्ता

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा एक माह का अभियान,भाजपा कार्यसमिति की बैठक में बनी रणनीति

कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सक्रिय राजनीति के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होने वाले इस अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। अभियान की तैयारियों को लेकर आशीर्वाद प्वाइंट में जिला भाजपा कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में संभाग प्रभारी जगदीश रामू रोहरा, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, जिला प्रभारी अनिल केसरवानी, जिला सह प्रभारी बृजेन्द्र शुक्ला और महापौर संजू देवी राजपूत उपस्थित रहे। भारत माता की पूजा-अर्चना के बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। मंच संचालन जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा ने किया।

सेवा और राष्ट्र निर्माण भाजपा की मूल विचारधारा : रोहरा
संभाग प्रभारी जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि भाजपा की मूल विचारधारा समाज सेवा, मानव सेवा और राष्ट्र सेवा है। केंद्र और राज्य सरकार इसी विचारधारा को आधार बनाकर जनकल्याण एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पूर्वजों ने जिन विचारों एवं सिद्धांतों की नींव रखी, उसी मार्ग पर संगठन आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा और महापुरुषों के जीवन से जुड़ी जानकारी हासिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज डिजिटल युग में मोबाइल और गूगल के माध्यम से भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन एवं विचारों को समझा जा सकता है।

17 सितंबर से शुरू होगा अभियान : देवांगन
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा के महत्वपूर्ण पड़ाव को जनभागीदारी और सेवा भावना के साथ मनाने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

नौ प्रमुख कार्यक्रमों के जरिए पहुंचेगा अभियान
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने बताया कि अभियान के दौरान जिले में नौ प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘आशीर्वाद’, ‘21 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘जन सेवक महाकुंभ’ शामिल हैं।
जिला प्रभारी अनिल केसरवानी ने भी बैठक को संबोधित किया।

गांव-गांव निकलेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’
जिला सह प्रभारी बृजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि सेवा संकल्प उत्सव के दौरान गांव-गांव ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। इसके माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा एवं जनसरोकार की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में प्रदेश मंत्री ऋतु चौरसिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, पूर्व विधायक रामदयाल उईके, नगर पंचायत छुरीकला अध्यक्ष पदमिनी प्रीतम देवांगन, नगर पालिका दीपका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, नगर पालिका बांकीमोंगरा अध्यक्ष सोनी झा, अशोक बाई कंवर, माधुरी देवी कंवर एवं शोभा जगत सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।