दीक्षारंभ समारोह में छात्राओं को मिली शिक्षा की सौगात

गर्ल्स कॉलेज में एजुकेशन किट पाकर खिले छात्राओं के चेहरे, मंत्री देवांगन बोले बेटियां पढ़ेंगी तो सशक्त होगा समाज

कोरबा। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की पहल के तहत शासकीय मिनीमाता गल्र्स कॉलेज में दीक्षारंभ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशित छात्राओं को एजुकेशन किट वितरित की गई। किट पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और कलेक्टर कुणाल दुदावत ने छात्राओं को एजुकेशन किट प्रदान की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. पापिया चतुर्वेदी ने शैक्षणिक गतिविधियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में संस्था की उपलब्धियों की जानकारी दी।

बेटियां पढ़ेंगी तो परिवार और समाज होगा मजबूत’
मुख्य अतिथि मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि बेटियां दो परिवारों का नाम रोशन करती हैं। बेटियां जितना अधिक शिक्षित होंगी, उतना ही परिवार, समाज, प्रदेश और देश मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महाविद्यालयों में दीक्षारंभ समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।

मंत्री ने जिले के अन्य शासकीय महाविद्यालयों में विशाल डोम निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित एवं समृद्ध राज्य बनाने के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए युवाओं से शिक्षा के माध्यम से विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

चुनौतियों से घबराने के बजाय आगे बढ़ें युवा
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने छात्राओं से जीवन में आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि जिले में डीएमएफ के कार्यों में शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है।

छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले का कोई भी छात्र-छात्रा देश के किसी भी शासकीय महाविद्यालय में अध्ययन के लिए जाता है, तो उसकी फीस की राशि जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम में पार्षद वर्षा वैष्णव, नरेंद्र देवांगन, प्रफुल्ल तिवारी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, छात्राएं एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।