कोरबा। शहर में नहर पुल से मस्जिद होते हुए रेलवे क्रॉसिंग तक पावरहाउस रोड के डामरीकरण कार्य के दौरान सड़क पर पानी डालने और दुकानों के सामने पानी बहाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की है।
निगम ने तीन दुकानों पर दो-दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही चेतावनी दी है कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित करने वाली गतिविधियां दोबारा पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नगर पालिक निगम कोरबा के कोरबा जोन अंतर्गत पावरहाउस रोड पर बिटुमिनस (डामरीकृत) सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इस सड़क के बनने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने और नागरिकों, वाहन चालकों तथा व्यापारियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, निर्माण कार्य के दौरान कुछ दुकानदारों और अन्य लोगों द्वारा सड़क पर पानी डालने, वाहनों की धुलाई करने तथा दुकानों के सामने पानी बहाने की गतिविधियां सामने आईं। इससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई गई।
तीन दुकानों पर दो-दो हजार रुपये का जुर्माना
निगम के अनुसार, नागरिकों और व्यापारियों को पहले भी समझाइश दी गई थी कि निर्माणाधीन सड़क पर पानी न डालें और ऐसी गतिविधियों से बचें, जिनसे सड़क को नुकसान पहुंच सकता है। इसके बावजूद लापरवाही जारी रहने पर 25 अक्टूबर 2026 को कार्रवाई की गई।
इस दौरान नवीन इलेक्ट्रिकल, अग्रवाल स्टोर और मोती ब्रदर्स पर दो-दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। तीनों दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि सड़क पर पानी डालने से यदि सड़क खराब होती है, तो संबंधित दुकान की जिम्मेदारी तय की जाएगी। भविष्य में ऐसी गतिविधियां दोहराए जाने पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।
पानी से सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका
निगम के मुताबिक, बिटुमिनस सड़क का निर्माण निर्धारित तकनीकी मानकों और प्रक्रिया के अनुसार किया जाता है। निर्माण कार्य के दौरान अनावश्यक रूप से पानी डालने, सड़क पर वाहनों की धुलाई करने और दुकानों के सामने पानी बहाने से काम प्रभावित हो सकता है। इससे सड़क की गुणवत्ता और टिकाऊपन पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका रहती है।
निर्माण कार्य में सहयोग की अपील
नगर निगम ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि सड़क निर्माण पूरा होने तक संबंधित हिस्से पर पानी न डालें, सड़क पर वाहनों की धुलाई न करें और दुकानों के सामने पानी बहाने से बचें। निगम का कहना है कि पावरहाउस रोड का निर्माण जनसुविधा को ध्यान में रखकर कराया जा रहा है। ऐसे में सड़क को गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ बनाने के लिए निर्माण एजेंसी के साथ-साथ नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है।
निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक निर्माण कार्य को प्रभावित करने वाली लापरवाही के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
