भिलाईखुर्द, कुदमुरा-2 एवं चारपारा रेत खदानों की नीलामी में 488 बोलीदारों ने लिया भाग
कोरबा। जिले की तीन रेत खदानों की नीलामी प्रक्रिया 28 अक्टूबर को पूरी की गई। कलेक्टर कार्यालय की खनिज शाखा द्वारा भिलाईखुर्द, कुदमुरा-2 और चारपारा रेत खदानों के लिए आयोजित नीलामी में कुल 488 बोलीदारों ने भाग लिया। खनिज विभाग के अनुसार, नीलामी छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम, 2025 के प्रावधानों के तहत ऑनलाइन माध्यम से कराई गई।
तीनों खदानों के लिए 21 अक्टूबर को निविदा आमंत्रण सूचना जारी की गई थी। निर्धारित सीलिंग प्राइस 200 रुपये के विरुद्ध न्यूनतम बोली राशि 50 रुपये प्रस्तुत किए जाने के बाद पात्र बोलीदारों के बीच पोर्टल के माध्यम से लॉटरी की प्रक्रिया अपनाई गई। इसके जरिए प्रत्येक खदान के लिए अधिमानी बोलीदार घोषित किए गए।
कुदमुरा-2 खदान के लिए सर्वाधिक 241 बोलीदार
भिलाईखुर्द रेत खदान की नीलामी में 115 बोलीदारों ने भाग लिया। लॉटरी के बाद कोटमीकला, जिला कोरबा निवासी आशीष कुमार गुप्ता को अधिमानी बोलीदार घोषित किया गया।
कुदमुरा-2 रेत खदान के लिए सर्वाधिक 241 बोलीदारों ने भागीदारी की। इस खदान के लिए गढ़फुलझर, बसना, जिला महासमुंद निवासी हरजिंदर सिंह का चयन किया गया।
इसी तरह चारपारा रेत खदान की नीलामी में 132 बोलीदार शामिल हुए। लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से पलसापाली निवासी जुगेश्वर बाग को अधिमानी बोलीदार घोषित किया गया।
निर्धारित शर्तों के तहत होगा खदानों का संचालन
तीनों खदानों के लिए हुई नीलामी में कुल 488 बोलीदारों की भागीदारी रही। खनिज विभाग के अनुसार, अधिमानी बोलीदारों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन रिवर्स ऑक्शन और लॉटरी के माध्यम से किया गया। खदानों का संचालन संबंधित नियमों, स्वीकृत अनुमति और निर्धारित शर्तों के अधीन ही किया जा सकेगा।
नीलामी प्रक्रिया पूरी होने के साथ अब तीनों रेत खदानों के संचालन की आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
