पूर्व निर्देशों के बावजूद सड़कों पर घूमते मिले मवेशी, तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण
कोरबा। सड़कों पर खुलेआम घूमते मवेशियों की समस्या को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सड़कों पर मवेशियों के विचरण और उनके उचित व्यवस्थापन में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका कटघोरा और नगर पंचायत छुरीकला के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) को नोटिस जारी किया गया है।
दोनों अधिकारियों से तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने कहा गया है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि सड़क सुरक्षा/प्रोटोकाल कार्यक्रम के तहत एसडीएम कटघोरा द्वारा विशिष्ट अतिथियों के संबंधित क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान सड़कों पर घूमते मवेशियों के उचित व्यवस्थापन के संबंध में नगरीय निकायों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद 29 अगस्त को विशिष्ट अतिथियों के क्षेत्र भ्रमण के दौरान सड़कों पर मवेशी घूमते पाए गए।
निर्देशों की अनदेखी को माना गंभीर
नोटिस में कहा गया है कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद मवेशियों के विचरण को रोकने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा है।
प्रशासन के अनुसार नगरीय निकाय क्षेत्र में मवेशियों के खुले में विचरण को रोकना और उनके सुरक्षित व्यवस्थापन की जिम्मेदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है। दिए गए निर्देशों का विधिसम्मत पालन नहीं होना कार्य के प्रति उदासीनता को दर्शाता है। अब दोनों सीएमओ को निर्धारित समय-सीमा में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करना होगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















