थाने में खड़ी जब्त ट्रेलर से चोरी, बांकीमोगरा पुलिस को चोरों ने दी खुली चुनौती

मुख्य द्वार के पास खड़ी 18 चक्का ट्रेलर का शीशा तोड़कर जैक, रॉड और साउंड बॉक्स पार; घटना स्थल की ओर नहीं था CCTV कैमरे का रुख

कोरबा। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है, लेकिन इसी बीच बांकीमोगरा थाना परिसर में हुई चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात चोरों ने थाना परिसर में पुलिस अभिरक्षा में खड़ी एक जब्त 18 चक्का ट्रेलर का केबिन का कांच तोड़कर उसमें रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार बांकीमोगरा निवासी ट्रांसपोर्टर संजय यादव की 18 चक्का ट्रेलर (क्रमांक CG 30 F 8112) को 20 जून 2026 को खनिज विभाग ने अवैध गिट्टी परिवहन के आरोप में जब्त कर बांकीमोगरा थाना परिसर में पुलिस अभिरक्षा में खड़ा कराया था। वाहन पर कार्रवाई लंबित होने के कारण ट्रेलर पिछले कई दिनों से थाना परिसर में ही खड़ी थी।

बताया जा रहा है कि ट्रेलर मालिक दो दिन पहले थाना पहुंचा था, तब वाहन सुरक्षित था। रविवार सुबह जब वह दोबारा पहुंचा तो ट्रेलर के केबिन का शीशा टूटा मिला। अज्ञात चोर पत्थर मारकर कांच तोड़ने के बाद जैक, रॉड, साउंड बॉक्स और अन्य सामान चोरी कर ले गए।

थाना परिसर के भीतर हुई इस चोरी ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रेलर मालिक के अनुसार थाना परिसर में सीसीटीवी कैमरे तो लगे हैं, लेकिन घटना स्थल उनकी निगरानी सीमा से बाहर होने के कारण वारदात कैमरे में कैद नहीं हो सकी।

हालांकि ट्रेलर मालिक ने अभी औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन उसने मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से करने की बात कही है। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने और अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है।