बीकन स्कूल ने पूरे किए शिक्षा के 60 वर्ष, धूमधाम से मनाई हीरक जयंती

13 विद्यार्थियों से शुरू हुआ सफर छह दशक में बना प्रमुख अंग्रेजी माध्यम विद्यालय; मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

कोरबा।सीएसईबी कोरबा पूर्व स्थित बीकन इंग्लिश मीडियम स्कूल ने अपनी शैक्षणिक यात्रा के 60 वर्ष पूरे होने पर भव्य समारोह के साथ हीरक जयंती मनाई। वर्ष 1966 में अमेरिकन मिशनरी रेव्ह. एल.डब्ल्यू. जेक्सन और मटिल्दा जेक्सन द्वारा महज 13 छात्र-छात्राओं के साथ शुरू किए गए इस विद्यालय ने छह दशकों की यात्रा में संभाग के प्रमुख अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।

हीरक जयंती समारोह की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्या वाय.ए. नाथन ने की। कार्यक्रम में क्रिश्चियन मेनो. एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष पी.बी. सोना, मुख्य अतिथि डीएसपीएम के मुख्य अभियंता संजीव कंसल तथा विशिष्ट अतिथि अधीक्षण अभियंता अमित फुटाने मंचस्थ रहे।

शिक्षा का उद्देश्य जीवन को दिशा देना’
मुख्य अतिथि संजीव कंसल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय केवल परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और जीवन को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण केंद्र है।

उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह के दौरान विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां देकर समारोह में उत्साह और उल्लास का माहौल बना दिया।

कार्यक्रम का संचालन ए. खानम, आर. कांत एवं शाला नायक अयान खान ने किया। समारोह में शिक्षिका पी. तिवारी, आर.आर. साहू, पी. तिग्गा, पी. किंडो, आर.के.पी. नंद, ए. कुमार, एन. साहू, आर. साहू, एस. मोंगरे, वी. मिश्रा, राका निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं पालकगण उपस्थित रहे।