कोतवाली में हुड़दंगियों की लगी ‘क्लास’

जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी को लेकर पुलिस का विशेष अभियान, एएसपी लखन पटले ने कहा कानून तोड़ा तो होगी कड़ी कार्रवाई

कोरबा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कोरबा पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों तथा पूर्व में विवाद और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे करीब 200 लोगों को बुलाकर पुलिस ने कड़ी समझाइश दी।

इसी क्रम में एसपी कार्यालय में करीब 50 लोगों को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने सभी को किसी भी प्रकार के विवाद, हुड़दंग, मारपीट अथवा आपराधिक गतिविधि से दूर रहने तथा पर्व के दौरान शांतिपूर्ण व्यवहार करने की हिदायत दी।

पुलिस की चेतावनी हुड़दंग किया तो कार्रवाई तय

पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, सार्वजनिक शांति भंग करने अथवा किसी तरह की आपराधिक गतिविधि में शामिल होने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराना है।

असामाजिक तत्वों पर रहेगी विशेष नजर

पुलिस अधिकारियों ने थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूर्व से विवादों में शामिल रहे और संदिग्ध गतिविधियों वाले लोगों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता के अनुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के लिए भी कहा गया है।

पुलिस का यह अभियान पर्व के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों में कानून का भय कायम करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी तरह के विवाद अथवा अफवाह से दूर रहें और शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग करें।