जन्माष्टमी और गणेश उत्सव को लेकर दीपका पुलिस सतर्क, रात 10 से सुबह 6 बजे तक डीजे पर रहेगा प्रतिबंध
कोरबा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए दीपका पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने क्षेत्र के डीजे संचालकों की बैठक लेकर ध्वनि नियंत्रण संबंधी शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों में डीजे का संचालन आवश्यक अनुमति लेने के बाद ही किया जा सकेगा। रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करना अनिवार्य होगा।
संवेदनशील क्षेत्रों में 100 मीटर के दायरे में प्रतिबंध
पुलिस ने बताया कि अस्पताल, स्कूल, न्यायालय, शासकीय कार्यालय एवं धार्मिक संस्थानों जैसे संवेदनशील स्थानों की 100 मीटर की परिधि में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। डीजे संचालकों को इन नियमों की जानकारी देते हुए स्पष्ट रूप से पालन करने की हिदायत दी गई।
बैठक के दौरान सभी डीजे संचालकों से नियमों के पालन को लेकर सहमति पत्र भी लिया गया। पुलिस ने कहा कि त्योहारों की आड़ में ध्वनि प्रदूषण अथवा नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
हुड़दंग करने वालों पर रहेगी नजर
थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। पुलिस की ओर से आयोजनों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर नजर रखी जाएगी। हुड़दंग, उपद्रव या अशांति फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने डीजे संचालकों, आयोजन समितियों और नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन कर पुलिस का सहयोग करें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















