जन्माष्टमी-गणेश उत्सव को लेकर शांति समिति की बैठक

थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने दिए सुरक्षा निर्देश, डीजे संचालकों को ध्वनि सीमा का पालन करने की हिदायत

कोरबा। आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कटघोरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू की अध्यक्षता में हुई बैठक में आयोजन समितियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और डीजे संचालकों के साथ त्योहारों के दौरान कानून- व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में विशेष रूप से दही हांडी एवं गणेश उत्सव के ‘कटघोरा का राजा’ आयोजन को लेकर भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई। थाना प्रभारी ने आयोजन समितियों से कार्यक्रमों के दौरान निर्धारित नियमों और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।

डीजे की आवाज तय सीमा में रखने के निर्देश
बैठक में डीजे संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजनों की आड़ में नियमों का उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जाएगा। आयोजकों से भी अपील की गई कि वे डीजे, जुलूस और कार्यक्रमों के दौरान निर्धारित समय एवं नियमों का पालन कराएं।

उपद्रव करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति का संदेश देते हैं। किसी भी आयोजन के दौरान अशांति फैलाने, उपद्रव करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।

बैठक में जनप्रतिनिधि, विभिन्न आयोजन समितियों के सदस्य, डीजे संचालक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।