पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने किया शुभारंभ, कृष्णमय हुआ शहर; जगह-जगह हुआ स्वागत
कोरबा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर सर्व यादव समाज द्वारा सीतामणी स्थित गौमाता चौक से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष और पीले ध्वजों के बीच निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के बच्चे, युवा और मातृशक्ति शामिल हुए। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल एवं सिंधी अकादमी के पूर्व अध्यक्ष एमडी माखीजा ने पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण के आकर्षक कटआउट, झांकियां और पीले ध्वज विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। सीतामणी से प्रारंभ हुई शोभायात्रा मुख्य मार्ग, पावर हाउस रोड, टीपी नगर, सीएसईबी चौक होते हुए घंटाघर पहुंची। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने शोभायात्रा का स्वागत करते हुए श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया।
श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने का आह्वान
शोभायात्रा के शुभारंभ अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, कर्तव्य, कर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाने और मानवता के कल्याण का संदेश देते हैं।
सिंधु दर्शन महोत्सव समिति एवं सिंधी समाज के प्रतिनिधि एमडी माखीजा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने द्वापर युग में मानवता के कल्याण के लिए कार्य किया। उन्होंने अराजकता और अधर्म का अंत कर सज्जन शक्ति की रक्षा का संदेश दिया, जो आज भी समाज के लिए प्रासंगिक है।
झांकियों ने बढ़ाई शोभायात्रा की भव्यता
शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी विभिन्न झांकियां शामिल की गई थीं। बच्चों और युवाओं के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता ने आयोजन को और भव्य बना दिया। मार्गभर कृष्ण भक्ति का माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ जयकारे लगाए।
शोभायात्रा के समापन पर ओपन थिएटर में मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन में सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु, कोरबा संभागीय उपाध्यक्ष नत्थूलाल यादव, कमलेश यादव, संतोष यादव, ममता यादव, विनोद यादव, नितिन यादव, हीरालाल यादव, रंजू यादव, रेशम यादव, सतीश यादव, उमेश यादव, सुखीराम यादव, पी.एल. यादव, मुकेश कुमार राठौर, कृपाराम साहू, पालुराम साहू, पार्षद रामगोपाल कुर्रे, रविसिंह चंदेल, रामगोपाल यादव सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















