कोलफील्ड जाने वाले मार्ग पर फिसलन बनी जानलेवा, दो डम्पर ऑपरेटर चोटिल

कोयला, मिट्टी और पानी जमा होने से श्रमिक चौक-बेल्ट लाइन मार्ग बदहाल; कर्मचारियों ने तत्काल सफाई की मांग की

कोरबा। एसईसीएल दीपका खदान क्षेत्र में ड्यूटी जाने वाले मार्ग पर फैली कोयले की कीचड़ और फिसलन कर्मचारियों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। बुधवार दोपहर दीपका श्रमिक चौक से बेल्ट लाइन मार्ग पर फिसलकर दो डम्पर ऑपरेटर गिरकर चोटिल हो गए। घटना के बाद कर्मचारियों में मार्ग की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

बताया गया कि ड्यूटी जाने के दौरान डम्पर ऑपरेटर अमित सिंह और संतोष इस मार्ग से गुजर रहे थे। मार्ग पर कोयला, मिट्टी और पानी जमा होने के कारण सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई है। इसी दौरान दोनों फिसलकर गिर गए और चोटिल हो गए।

रोजाना गुजरते हैं बड़ी संख्या में कर्मचारी
कर्मचारियों के अनुसार श्रमिक चौक से बेल्ट लाइन की ओर जाने वाले इस मार्ग का उपयोग रोजाना बड़ी संख्या में कोल कर्मी अपने कार्यस्थल तक पहुंचने के लिए करते हैं। बारिश के कारण मार्ग पर कीचड़ और पानी जमा होने से फिसलन और बढ़ गई है। ऐसे में दोपहिया वाहनों के साथ पैदल आने-जाने वाले कर्मचारियों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

कर्मचारियों का कहना है कि यदि समय रहते मार्ग की सफाई और व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आने वाले दिनों में गंभीर हादसा हो सकता है।

स्क्रैपर मशीन से तत्काल सफाई की मांग
कोल कर्मियों ने एसईसीएल दीपका प्रबंधन से कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मार्ग की तत्काल सफाई कराने की मांग की है। कर्मचारियों ने विशेष रूप से स्क्रैपर मशीन चलाकर जमा कोयला, मिट्टी और कीचड़ हटाने तथा मार्ग को आवागमन के लिए सुरक्षित बनाने की मांग की है।