घर से निकालने के दबाव और प्रताड़ना का आरोप; दीवार पर मिले लिखे संदेश व परिजनों के बयान बने कार्रवाई का आधार
कोरबा। लक्ष्मणबन तालाब क्षेत्र में 27 अगस्त को हुई महिला की आत्महत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने जांच के बाद बड़ा खुलासा किया है। सास की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी बहू और बहू के माता-पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल की दीवार पर मिले सुसाइड नोट, आत्महत्या से पहले बहनों को भेजे गए वीडियो और परिजनों के बयानों से कथित प्रताड़ना के तथ्य सामने आए, जिसके आधार पर तीनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 27 अगस्त 2026 को लक्ष्मीबाई मानिकपुरी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मर्ग क्रमांक 66/2026 कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल की बारीकी से जांच के दौरान दीवार पर मृतका द्वारा लिखी गई बातें मिलीं। इसमें उसने अपनी बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोगों द्वारा परेशान किए जाने का उल्लेख किया था।
राइटिंग एक्सपर्ट ने की लिखावट की जांच
दीवार पर लिखे संदेश की प्रमाणिकता की जांच के लिए पुलिस ने उसे राइटिंग एक्सपर्ट के पास भेजा। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया गया कि दीवार पर लिखी गई लिखावट मृतका की ही है या नहीं। इसी बीच पुलिस को जानकारी मिली कि आत्महत्या से पहले लक्ष्मीबाई ने अपनी बहनों को एक वीडियो भेजा था।
पुलिस ने उक्त वीडियो को विधिवत जब्त कर पंचनामा तैयार किया। इसके साथ ही मृतका की बहनों, परिजनों तथा मामले से जुड़े अन्य लोगों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस के अनुसार जांच में यह बात सामने आई कि पहले पति की मृत्यु के बाद मृतका को उसकी बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोगों द्वारा कथित तौर पर घर से बाहर निकालने के लिए दबाव दिया जाता था। इससे वह परेशान रहती थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि कथित प्रताड़ना से परेशान होकर मृतका ने पूर्व में भी आत्महत्या का प्रयास किया था।
बहू और उसके माता-पिता गिरफ्तार
मर्ग जांच में सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पूर्णिमा महंत (24), पति संजय दास, निवासी लक्ष्मण तालाब, कोरबा, सुमेरन बाई (45), पति मिलनदास महंत, निवासी सोहागपुर, थाना उरगा तथा मिलन दास (55), पिता सोनदास, निवासी सोहागपुर, थाना उरगा को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में सुसाइड नोट, वीडियो और परिजनों के बयानों समेत अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















