दर्री में श्री राधा कृष्ण पंचदेव मंदिर का प्रथम स्थापना महोत्सव 15-16 जुलाई को, निकलेगी भव्य निशान यात्रा

कोरबा। दर्री स्थित श्री राधा कृष्ण पंचदेव मंदिर में प्रथम स्थापना वर्षगांठ महोत्सव के उपलक्ष्य में 15 एवं 16 जुलाई 2026 को दो दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।

आयोजन समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।

महोत्सव का शुभारंभ 15 जुलाई (बुधवार) को शाम 3 बजे भव्य निशान यात्रा के साथ होगा। यात्रा की शुरुआत दादी मंदिर, जमनीपाली से होगी, जहां से श्रद्धालु निशान लेकर श्री राधा कृष्ण पंचदेव मंदिर, दर्री पहुंचेंगे। धार्मिक उल्लास और भक्ति भाव के साथ निकाली जाने वाली इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

16 जुलाई (गुरुवार) को मंदिर परिसर में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भगवान श्री श्याम बाबा, राधा रानी एवं भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का गुणगान करते हुए मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।

आयोजन समिति ने बताया कि निशान यात्रा के लिए निशान नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनका वितरण “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा।

समिति ने सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर दोनों आयोजनों में सहभागी बनने तथा भगवान श्री श्याम, श्री राधा-कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त कर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।