15 ब्लॉक-पंप हाउस में पुलिस की सख्ती, घर-घर पहुंचकर दी चेतावनी, सड़क पर कराई उठक-बैठक

मारपीट की घटना के बाद देर रात बाइक पेट्रोलिंग, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई निगरानी

कोरबा। पंप हाउस कॉलोनी और 15 ब्लॉक क्षेत्र में दो दिन पहले हुई मारपीट और गुंडागर्दी की घटना के बाद कोरबा पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। शनिवार देर रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीएसपी तथा कोतवाली एवं सिविल लाइन थाना प्रभारियों के नेतृत्व में 25 से 30 पुलिस जवानों ने संवेदनशील क्षेत्रों में बाइक पेट्रोलिंग कर उपद्रवियों को कड़ा संदेश दिया।

पुलिस ने पंप हाउस कॉलोनी, 15 ब्लॉक, तुलसी नगर और डीडीएम रोड सहित विभिन्न इलाकों में देर रात गश्त की।

जिन स्थानों पर चारपहिया वाहन नहीं पहुंच सकते थे, वहां विशेष रूप से बाइक पेट्रोलिंग कर निगरानी रखी गई। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल युवकों की पहचान कर उन्हें मौके पर ही समझाइश दी गई।

पुलिस टीम मारपीट और उपद्रव में शामिल युवकों के घर भी पहुंची। अधिकारियों ने उनके परिजनों से मुलाकात कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही अभिभावकों से अपने बच्चों पर नजर रखने और उन्हें अनुशासित रखने की अपील की गई।

पेट्रोलिंग के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पी रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं देर रात बिना कारण बाइक से घूम रहे और हुड़दंग मचा रहे युवकों को रोककर पूछताछ की गई। कुछ युवकों से उठक-बैठक कराकर चेतावनी देते हुए भविष्य में कानून का पालन करने की हिदायत दी गई।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिन क्षेत्रों से गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों की शिकायत मिल रही है, वहां पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम रखना और किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने से रोकना है।

पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाने को दें। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और पुलिस की सतत गश्त जारी