कोरबा/पाली। पाली थाना क्षेत्र में एक वृद्ध सन्यासी बाबा के साथ मारपीट कर लूट की वारदात सामने आई है। रतनपुर से अपने घर लौट रहे 77 वर्षीय सन्यासी बाबा को रास्ते में रोककर आरोपियों ने मारपीट की और उनका मोबाइल फोन तथा 22 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम परसदा निवासी अरुण कुमार पाठक (77 वर्ष), जो सन्यासी बाबा हैं, 9 जुलाई की रात करीब 10 बजे गिरजाबंध रतनपुर से अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 10 AS 5254) से घर लौट रहे थे।
जब वे फुलवारीपारा और बावापारा के बीच मुख्य मार्ग पर पहुंचे, तभी फुलवारीपारा निवासी भुरवा, मोहन तथा उनके एक अन्य साथी ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि तीनों ने वृद्ध बाबा के साथ मारपीट की और उनके पास रखा सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन, जिसमें जियो का सिम लगा था, तथा 22 हजार रुपये नकद लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी सिल्ली रोड की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित ने पाली थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों भुरवा, मोहन और एक अन्य साथी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

