सीतामणी में 15 जुलाई से श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ

सुंदरलाल कर्ष की स्मृति में होगा सात दिवसीय आयोजन, कलश यात्रा के साथ होगा शुभारंभ

कोरबा। सीतामणी चौक, रेलवे स्टेशन रोड स्थित आयोजन स्थल पर 15 से 22 जुलाई तक श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक आयोजन स्वर्गीय सुंदरलाल कर्ष की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य पं. नरेंद्र कृष्ण महाराज (कुरूद) श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे।

आयोजकों के अनुसार कथा के शुभारंभ से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। सात दिवसीय कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं, भक्तों के प्रति उनकी करुणा, धर्म, भक्ति और जीवन मूल्यों से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा।

आयोजन समिति ने बताया कि परिवार के वरिष्ठ सदस्य स्वर्गीय सुंदरलाल कर्ष की पुण्य स्मृति में यह आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में परिवारजनों के साथ स्थानीय नागरिक एवं श्रद्धालु भी सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

आयोजकों ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने तथा आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की है।