पेंटिंग और पोस्टर के जरिए बच्चों ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, यातायात नियमों के पालन का लिया संकल्प

कोरबा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, मदनपुर रजकम्मा में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत संगोष्ठी, शपथ एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पेंटिंग और पोस्टर के माध्यम से सुरक्षित यातायात का संदेश देते हुए सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उपायों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत संगोष्ठी से हुई, जिसमें विद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याता पुष्पक साहू ने सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली जनहानि के आंकड़ों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को सतर्क रहने की सीख दी। व्याख्याता विनोद जायसवाल ने कहा कि सावधानी और यातायात नियमों का पालन ही सुरक्षित जीवन का मूल मंत्र है।

व्याख्याता कुमुदिनी राम ने विद्यार्थियों को वाहन चलाते समय ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट की अनिवार्यता के बारे में जानकारी दी। इस दौरान सभी विद्यार्थियों ने नशे की हालत में कभी वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का अक्षरशः पालन करने की शपथ भी ली।

अभियान के तहत आयोजित चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में संध्या यादव ने प्रथम, संध्या कंवर ने द्वितीय तथा देवकुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम प्रभारी सितारा अग्रवाल, कमलेश्वरी साहू एवं कल्पना कुजूर ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में देवनारायण, कोमल कश्यप, समीर खैरवार, नीतू कश्यप, प्रेमप्रसाद, सोनाक्षी अहीर, आरुषि खांडे एवं सागर प्रसाद का विशेष योगदान रहा।