कोरबा। अत्यधिक शराब सेवन के कारण गंभीर बीमारी से जूझ रहे 31 वर्षीय युवक को नया बस स्टैंड स्थित शिवाय हॉस्पिटल में समय पर मिले उपचार से नया जीवन मिला। लंबे समय से असहनीय पेट दर्द से पीड़ित युवक के पैंक्रियाज के पास बड़ा पैनक्रिएटिक सूडोसिस्ट बन गया था, जिसमें लगभग डेढ़ लीटर तरल पदार्थ जमा हो चुका था। गैस्ट्रो सर्जन डॉ. हिमांशु कोल्हे ने जटिल सर्जरी कर मरीज की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार युवक पिछले करीब एक वर्ष से लगातार पेट दर्द से परेशान था और कई अस्पतालों में इलाज कराने के बावजूद उसे राहत नहीं मिली। अंततः परिजन उसे शिवाय हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सीटी स्कैन एवं अन्य आवश्यक जांच कराई।
जांच में पैंक्रियाज के ऊपर बड़ा पैनक्रिएटिक सूडोसिस्ट होने का पता चला, जिसमें लगभग 1 से 1.5 लीटर तरल पदार्थ जमा था।
डॉक्टरों के मुताबिक यह गंभीर स्थिति लंबे समय तक अत्यधिक शराब सेवन के कारण उत्पन्न हुई थी। यदि समय पर उपचार नहीं मिलता, तो मरीज की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
गैस्ट्रो सर्जन डॉ. हिमांशु कोल्हे ने लैप्रोटॉमी एवं सिस्टोगैस्ट्रोस्टॉमी जैसी जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की।
ऑपरेशन के दौरान सिस्ट में जमा लगभग डेढ़ लीटर तरल पदार्थ सुरक्षित बाहर निकाला गया। साथ ही भविष्य में दोबारा ऐसी समस्या न हो, इसके लिए सिस्ट की दीवार को पेट से जोड़ दिया गया।
सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति तेजी से सुधरी और महज दो दिनों में वह सामान्य रूप से भोजन करने लगा। स्वास्थ्य में निरंतर सुधार होने पर चिकित्सकों ने उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी।
मरीज के परिजनों ने सफल उपचार के लिए डॉ. हिमांशु कोल्हे और शिवाय हॉस्पिटल के चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिले इलाज ने उनके परिवार के सदस्य को नया जीवन दिया।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने अत्यधिक शराब सेवन से बचने की अपील करते हुए कहा है कि यह पैंक्रियाज सहित शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।
समय पर जांच और उपचार से ऐसी जटिल स्थितियों से बचा जा सकता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

