टेंडर के बाद भी शुरू नहीं हुआ निर्माण कार्य, शिव मंदिर से पोड़ी उपरोड़ा तक आवागमन जोखिम भरा
कोरबा। मिनीमाता हसदेव बांगो बांध परियोजना से शिव मंदिर तक सड़क निर्माण पूरा होने के बाद इस हिस्से में आवागमन आसान हो गया है, लेकिन शिव मंदिर से पोड़ी उपरोड़ा तक का मार्ग आज भी बदहाल स्थिति में है। लगातार बारिश के कारण कच्ची सड़क कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, इस सड़क का निर्माण कई वर्ष पूर्व जल संसाधन विभाग द्वारा कराया गया था। समय के साथ भारी वाहनों की आवाजाही और नियमित रखरखाव के अभाव में सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई। हर वर्ष बारिश के दौरान कटाव और जलभराव से इसकी स्थिति और खराब होती चली गई।
ग्रामीणों की लगातार मांग के बाद डैम साइड से शिव मंदिर तक सड़क का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन शिव मंदिर से पोड़ी उपरोड़ा तक का शेष मार्ग अब भी मरम्मत की प्रतीक्षा कर रहा है। बताया जा रहा है कि पूरी सड़क के निर्माण एवं उन्नयन के लिए करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी और टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई थी।
हालांकि, ठेकेदार के साथ दरों को लेकर सहमति नहीं बनने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
वर्तमान में सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, कीचड़ और जलभराव होने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है।
बारिश के मौसम में स्कूली विद्यार्थियों, किसानों, मरीजों और अन्य ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जल संसाधन विभाग से मांग की है कि लंबित निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके तथा बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

