कोरबा। जिले में लगातार 48 घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश का असर कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर भी देखने को मिला। गुरसिया स्थित तान नदी के पास बनाया गया अस्थायी एप्रोच रोड तेज बहाव में बह गया, जिससे एक बार फिर इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया है। फिलहाल वाहनों की आवाजाही पुराने जर्जर पुल से कराई जा रही है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर गुरसिया में तान नदी पर बने पुराने पुल की मरम्मत का कार्य जारी है। निर्माण अवधि के दौरान यातायात बनाए रखने के लिए पुल के समीप लाखों रुपये की लागत से अस्थायी एप्रोच रोड तैयार किया गया था। लेकिन लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के चलते यह मार्ग बह गया।
एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने फिलहाल पुराने पुल से वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस पुल की मरम्मत अभी पूरी नहीं हुई है, उस पर भारी वाहनों का लगातार आवागमन किसी बड़े हादसे को आमंत्रण दे सकता है। उनका कहना है कि पुल पहले से ही जर्जर स्थिति में है और अधिक दबाव पड़ने से इसकी हालत और खराब हो सकती है।
स्थानीय नागरिकों ने अस्थायी एप्रोच रोड के निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने तथा लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों एवं एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि बारिश का मौसम अभी शेष है, ऐसे में वैकल्पिक सुरक्षित व्यवस्था जल्द नहीं की गई तो यातायात पूरी तरह बाधित होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बढ़ सकता है।
चार राज्यों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग
राष्ट्रीय राजमार्ग-130 छत्तीसगढ़ को मध्यप्रदेश, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों में शामिल है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में पुल-पुलियों और वैकल्पिक मार्गों की मजबूती सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि बरसात के दौरान आवागमन सुरक्षित और निर्बाध बना रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

