राताखार जोड़ापुल के पास अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई, ठेला-गुमटियां हटाकर स्टेडियम परिसर में कराया गया शिफ्ट

नगर निगम, पुलिस और आरटीओ की संयुक्त टीम ने चलाया अभियान

कोरबा। शहर के राताखार जोड़ापुल के पास सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए शनिवार को नगर पालिक निगम, पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। अभियान के दौरान सड़क किनारे संचालित ठेला-गुमटियों को हटाकर नगर निगम द्वारा निर्धारित स्थान स्टेडियम परिसर में व्यवस्थित रूप से शिफ्ट कराया गया।

यह कार्रवाई डीएसपी डी.के.सिंह नगर निगम के सोमनाथ डहरे , आरटीओ विभाग के टी आई मिथिलेश जांगडे, सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी,कोतवाली टीआई प्रमोद डडसेना,यातायात विभाग के एएसआई मनोज राठौर सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में की।

अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर तथा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के निर्देशन में चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने सड़क पर यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण को हटाते हुए संबंधित ठेला एवं गुमटी संचालकों को निर्धारित स्थल पर स्थानांतरित कराया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक सड़कों और मार्गों पर अतिक्रमण न करें तथा नगर निगम द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही अपना व्यवसाय संचालित करें।