महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी, 66 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंचे 626.25 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने DBT के माध्यम से राशि की हस्तांतरण, ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को एक बार फिर आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए योजना की 29वीं किस्त जारी कर दी है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास से आयोजित कार्यक्रम में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 66 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 626.25 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी उपस्थित रहीं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों के दौरे के दौरान महिलाओं ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग वे स्वरोजगार शुरू करने, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं तथा परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में कर रही हैं।

इससे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना से वंचित किसी भी पात्र महिला को लाभ से वंचित न रहने दिया जाए। इसके लिए ई-केवाईसी की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर सभी पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर संभाग में ई-केवाईसी कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से प्रदेश में लागू है। योजना के तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। यह योजना महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने और परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।