राजेश यादव की पहल पर हरकत में आया प्रशासन, चाकाबुड़ा विद्यालय के जलभराव का होगा स्थायी समाधान

निरीक्षण कर दो दिन में तकनीकी प्रतिवेदन और प्राक्कलन प्रस्तुत करने के निर्देश, विद्यार्थियों को मिलेगी राहत

कोरबा/चाकाबुड़ा। ग्राम चाकाबुड़ा स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला परिसर में वर्षों से बनी जलभराव की समस्या के समाधान की दिशा में प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक राजेश यादव द्वारा इस गंभीर समस्या को उठाए जाने के बाद ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) संभाग, कोरबा ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निरीक्षण कर स्थायी समाधान की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

कार्यपालन अभियंता, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग, कोरबा ने जारी आदेश में कटघोरा के अनुविभागीय अधिकारी को विद्यालय परिसर का स्थल निरीक्षण करने, तकनीकी प्रतिवेदन तैयार करने, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था के लिए प्राक्कलन तैयार करने तथा फोटोग्राफ सहित प्रस्ताव दो दिनों के भीतर संबंधित जनपद पंचायत को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि लगातार हो रही बारिश के कारण विद्यालय परिसर और कक्षाओं में पानी भर जाता है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ उनकी सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। इस समस्या को लेकर राजेश यादव ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए शीघ्र स्थायी समाधान की मांग की थी।

राजेश यादव ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। विद्यालय परिसर में जलभराव जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। उन्होंने प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लेने पर आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि निरीक्षण के बाद जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा जनहित से जुड़े मुद्दों को निरंतर प्रमुखता से उठाती रहेगी तथा क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास जारी रहेगा।