एमपी नगर में दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, दंपती घायल; नशे में ड्राइविंग की आशंका

कोरबा। शहर के एमपी नगर क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम दो कारों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसे में पंडित रविशंकर शुक्ला नगर निवासी आशीष अग्रवाल एवं उनकी पत्नी घायल हो गए। दोनों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना में शामिल एक कार का चालक और उसका साथी नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही की जा सकेगी।

घटना के समय सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थीं। सूचना मिलते ही पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात भी सामान्य कराया।

थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि शहर में नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चलाकर चालान और जुर्माने की कार्रवाई कर रही है, लेकिन इसके बावजूद सड़क हादसों में अपेक्षित कमी नहीं आ रही है।

इधर, घंटाघर चौक से पंडित रविशंकर शुक्ला नगर होते हुए दादर मार्ग तक का मार्ग लंबे समय से दुर्घटना संभावित माना जाता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पूर्व में एक सड़क हादसे में युवती की मौत के बाद इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक इसका निर्माण नहीं हो सका। ताजा हादसे के बाद क्षेत्रवासियों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा के लिए शीघ्र स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग उठाई है।