दीवार के पीछे छिपकर बैठा था नाग, मचा हड़कंप,जितेंद्र सारथी की टीम ने सुरक्षित किया रेस्क्यू; बारिश में सतर्क रहने की अपील

कोरबा। बारिश के मौसम में रिहायशी इलाकों में सांप निकलने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। शनिवार को कोरबा के खरमोरा क्षेत्र में एक घर के पास करीब 5 फीट लंबा विषैला नाग (कोबरा) दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। समय रहते रेस्क्यू टीम को सूचना दिए जाने से संभावित हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार स्थानीय निवासी आर. ए. पांडेय ने घर के समीप दीवार के पीछे एक विशाल नाग को छिपा हुआ देखा। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए उन्होंने तुरंत वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी को सूचना दी। सारथी ने मौके पर पहुंचने तक सांप पर नजर बनाए रखने की सलाह दी।

कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे जितेंद्र सारथी ने सावधानीपूर्वक दीवार के स्लैब के पीछे छिपे नाग को बाहर निकाला और सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया। इसके बाद सांप को थैले में रखकर उसके प्राकृतिक आवास, जंगल में छोड़ दिया गया। रेस्क्यू के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि बारिश के मौसम, विशेषकर रात के समय, अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि इस दौरान नाग और करैत जैसे विषैले सांपों के निकलने की संभावना बढ़ जाती है। यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

रेस्क्यू हेल्पलाइन: 8817534455