एक्टिवा में घुसा विषैला कॉमन करैत, RCRS टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू किया

मानस नगर में मचा हड़कंप, बारिश के मौसम में वाहन स्टार्ट करने से पहले जांच करने की अपील

कोरबा।बारिश के मौसम में रिहायशी इलाकों में सांप निकलने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इसी क्रम में कोरबा के मानस नगर में एक एक्टिवा के अंदर अत्यंत विषैले कॉमन करैत (Common Krait) के घुस जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। समय रहते सूचना मिलने पर रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूर सोसायटी (RCRS) की टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षित रेस्क्यू कर संभावित हादसे को टाल दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने RCRS को सूचना दी। सूचना मिलते ही संस्था के अध्यक्ष अविनाश यादव अपनी टीम के सदस्य मानस के साथ मौके पर पहुंचे।

टीम ने सावधानीपूर्वक एक्टिवा की जांच की, जहां कॉमन करैत वाहन के भीतर छिपा हुआ मिला।

काफी सतर्कता और पेशेवर तरीके से रेस्क्यू अभियान चलाकर सांप को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे बिना किसी नुकसान के उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

RCRS की टीम ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के मौसम में वाहन स्टार्ट करने से पहले उसकी अच्छी तरह जांच अवश्य करें। यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि सुरक्षित दूरी बनाकर तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें।

संस्था ने कहा कि वन्यजीव प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं और उनका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। RCRS की त्वरित कार्रवाई से न केवल एक महत्वपूर्ण वन्यजीव का संरक्षण हुआ, बल्कि एक संभावित दुर्घटना भी टल गई।