बारिश में दलदल बनी बासिन- सिंदुरगढ़ सड़क, एंबुलेंस तक नहीं पहुंच पा रही गांव

5 किलोमीटर मार्ग कीचड़ में तब्दील, मरीजों और गर्भवतियों को चारपाई से ले जाना पड़ रहा अस्पताल

कोरबा। पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के बासिन-सिंदुरगढ़ मार्ग की हालत बारिश के बाद बेहद खराब हो गई है। करीब पांच किलोमीटर लंबा यह मार्ग कीचड़ में तब्दील हो चुका है, जिससे चारपहिया वाहन बीच रास्ते में फंस रहे हैं और दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग से सासिन, बासिन, बेरा, बेतलो और सिंदुरगढ़ के लोग आवागमन करते हैं। इसी सड़क का उपयोग पसान और जटगा आने-जाने के लिए भी किया जाता है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हो गई हैं।

एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहन गांव तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे मरीजों और गर्भवती महिलाओं को चारपाई या अन्य साधनों के सहारे कई किलोमीटर पैदल मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि मानसून से पहले सड़क की मरम्मत और मुरुम डालने का कार्य नहीं कराया गया। वहीं गेवरा-पेंड्रा रेल कॉरिडोर निर्माण में लगे भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके बावजूद अब तक मरम्मत के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बारिश के मौसम में आवागमन सुचारू हो सके और आपातकालीन सेवाएं बिना बाधा ग्रामीणों तक पहुंच सकें।