घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप, पुरानी रंजिश बताई वजह; पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
कोरबा। कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएसईबी चौकी से लगे पंप हाउस मोहल्ले में शनिवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना के दौरान गैंगवार जैसे हालात बन गए। आरोप है कि 50 से 60 युवक डंडे, चाकू, तलवार और अन्य धारदार हथियारों से लैस होकर मोहल्ले में पहुंचे और एक पक्ष पर हमला कर दिया। घटना में कई लोग घायल हुए हैं।
पीड़ित हरीश राव ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ कॉलोनी में बैठा था, तभी कई वाहनों से दर्जनों युवक वहां पहुंचे और हमला शुरू कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की, तोड़फोड़ की और बाद में हरीश राव को बाहर खींचकर तलवार व अन्य हथियारों से जानलेवा हमला किया। बचाव के दौरान उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं।

हरीश राव का आरोप है कि कुछ दिन पहले आत्मानंद स्कूल के पास तेज रफ्तार बाइक चलाने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई कराई गई थी। उसी रंजिश के चलते यह हमला किया गया। उन्होंने पुलिस को कई आरोपियों के नाम भी बताए हैं।
घटना में घायल श्वेता दास ने बताया कि रात करीब 10 बजे बड़ी संख्या में युवक हथियार लेकर मोहल्ले में पहुंचे। परिवार के लोग घर के अंदर चले गए, लेकिन हमलावर दरवाजा तोड़कर घर में घुस गए और महिलाओं के साथ मारपीट की।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से लोग अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।
घटना के बाद बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी और घायल सीएसईबी चौकी पहुंचे तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर देर रात तक डटे रहे। इस दौरान पुलिस और लोगों के बीच तीखी बहस भी हुई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मामला आपसी रंजिश से जुड़ा है। दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध दर्ज कर लिया गया है।आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

