सेंट जेवियर्स स्कूल में यातायात जागरूकता अभियान, 1250 विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा का दिलाया संकल्प

कोरबा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को सेंट जेवियर्स स्कूल, कोरबा में यातायात जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यातायात पुलिस की टीम ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों के पालन और सुरक्षित यातायात के महत्व की विस्तृत जानकारी दी।

विद्यालय के प्राचार्य आनंद सर की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में यातायात शाखा के एएसआई मनोज राठौर, हेड कांस्टेबल संतोष सिंह एवं कांस्टेबल सुशांत युवराज चंद्रा ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। इस अभियान में विद्यालय के लगभग 1,250 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि सड़क पर चलते समय ट्रैफिक संकेतों का पालन करना, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करना, तेज गति से वाहन नहीं चलाना, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करना और नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाना सड़क सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षित तरीके से सड़क पार करने, जेब्रा क्रॉसिंग के उपयोग, आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्क रहने तथा विभिन्न यातायात संकेतों की जानकारी भी दी गई।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।