निगम की बड़ी कार्रवाई, अतिक्रमण हटाकर पात्र दुकानदारों को मिली नई दुकानें

अवैध ठेला-गुमटियां हटाईं, पुनर्वास के साथ यातायात व्यवस्था सुधारने का अभियान जारी

कोरबा।शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के अभियान के तहत नगर पालिका निगम ने आनंद बाजार क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई की।

निगम के तोड़ू दस्ते और पुलिस बल ने सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित ठेला-गुमटियों को हटाते हुए पात्र दुकानदारों को निगम द्वारा निर्मित एक दर्जन से अधिक दुकानों का आवंटन किया। कार्रवाई के दौरान अवैध कब्जाधारियों का सामान भी जब्त किया गया।

नगर निगम के अनुसार आनंद बाजार में वर्षों से सड़क किनारे ठेला और गुमटी लगाए जाने से यातायात प्रभावित हो रहा था तथा पैदल राहगीरों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अतिक्रमणकारियों को पहले नोटिस जारी कर स्वयं कब्जा हटाने का अवसर दिया गया, लेकिन निर्धारित समय सीमा के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया।

इसके बाद तोड़ू दस्ता प्रभारी विकास तिवारी के नेतृत्व में निगम की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और आधा दर्जन से अधिक अवैध ठेला-गुमटियों को हटाया। मौके पर अनुपस्थित कब्जाधारियों का सामान जब्त कर निगम कार्यालय पहुंचाया गया।

कार्रवाई के साथ ही नगर निगम ने पुनर्वास की व्यवस्था भी सुनिश्चित की। आनंद बाजार में निर्मित सुविधायुक्त दुकानों का आवंटन उन पात्र दुकानदारों को किया गया, जो लंबे समय से सड़क किनारे व्यवसाय कर रहे थे। नई दुकानों में बिजली, पानी सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे वे व्यवस्थित ढंग से अपना व्यवसाय संचालित कर सकें।

तोड़ू दस्ता प्रभारी विकास तिवारी ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शहर को व्यवस्थित बनाने और आम नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। मुख्य मार्गों, स्कूलों और अस्पतालों के आसपास अवैध कब्जों के खिलाफ प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि कुछ दुकानदार अभी दुकान आवंटन से वंचित रह गए हैं। उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है। निगम अधिकारियों का कहना है कि पात्र हितग्राहियों के पुनर्वास पर चरणबद्ध तरीके से निर्णय लिया जाएगा। कार्रवाई के बाद आनंद बाजार क्षेत्र में यातायात पहले की तुलना में अधिक सुगम हो गया है, जिसकी स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है।