सहकारी समितियों से समय पर मिल रही खाद-बीज, खरीफ की तैयारी में जुटे किसान

कोरबा।खरीफ सीजन के लिए किसानों को सहकारी समितियों के माध्यम से खाद एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे किसानों को समय पर कृषि सामग्री मिल रही है और वे बिना किसी परेशानी के अपनी फसल की तैयारी पूरी कर रहे हैं।

कटघोरा विकासखंड के ग्राम विजयपुर निवासी किसान कन्हैया लाल कंवर, जो लगभग तीन एकड़ भूमि पर धान की खेती करते हैं, ने सहकारी समिति कटघोरा से खरीफ सीजन के लिए आवश्यक खाद एवं प्रमाणित धान बीज प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि समिति में सभी आवश्यक कृषि आदान सामग्री आसानी से उपलब्ध हो गई, जिससे उन्हें अलग-अलग स्थानों पर भटकना नहीं पड़ा।

कन्हैया लाल कंवर ने कहा कि खेती की सफलता काफी हद तक समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज और उर्वरक मिलने पर निर्भर करती है। सहकारी समिति में सभी जरूरी सामग्री मिलने से उनकी खरीफ फसल की तैयारी समय पर पूरी हो रही है।

उन्होंने बताया कि पहले किसानों को कृषि सामग्री के लिए कई स्थानों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी होती थी। अब शासन की व्यवस्था के तहत सहकारी समितियों में ही खाद और बीज उपलब्ध होने से किसानों का समय बच रहा है, अनावश्यक खर्च कम हो रहा है और वे पूरी ऊर्जा के साथ खेती पर ध्यान दे पा रहे हैं।