भारत विकास परिषद के 64वें स्थापना दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन

मेडिकल कॉलेज के सहयोग से आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने किया रक्तदान, रक्तदान के महत्व पर किया गया जागरूक

कोरबा।अखिल भारतीय स्तर पर शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कार्यरत भारत विकास परिषद की जिला इकाई ने अपने 64वें स्थापना दिवस के अवसर पर मेडिकल कॉलेज के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया। मिनीमाता गर्ल्स कॉलेज के पास स्थित महाराणा प्रताप सभा भवन परिसर में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

शिविर का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक की टीम ने रक्तदाताओं को रक्तदान की प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियों और इसके लाभों की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप रक्त संग्रह किया गया।

भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर के लिए किसी निश्चित यूनिट का लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया था। उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना और एकत्रित रक्त को ब्लड बैंक के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाना है।

शिविर के आयोजन में परिषद के राष्ट्रीय पदाधिकारी धर्मेन्द्र कुदेशिया, अध्यक्ष कमलेश यादव, कैलाश गुप्ता, महेश गुप्ता, प्रेम रामचंदानी, मोहन अग्रवाल, दीपक सिंह, सुभाष अग्रवाल, भगवती अग्रवाल, विष्णु शंकर मिश्रा, सिमरन कौर, मनीष सुल्तानिया, रवि अग्रवाल सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियां दूर की गईं

शिविर के दौरान ब्लड बैंक के विशेषज्ञों ने बताया कि 18 से 55 वर्ष तक के स्वस्थ व्यक्ति निर्धारित अंतराल पर सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान से शरीर में नए रक्त का निर्माण होता है और इससे स्वास्थ्य संबंधी कई लाभ मिलते हैं। साथ ही लोगों से रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों से दूर रहकर नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की गई।