कोरबा। बालको क्षेत्र की जर्जर सड़कों को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। हाल ही में एक अधिवक्ता की कार गहरे गड्ढे में फंस जाने की घटना के बाद सड़क सुधार का मुद्दा फिर से जोर पकड़ गया है। स्थानीय लोगों और अधिवक्ताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत और यातायात संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की है।
बताया गया कि 8 जुलाई को एक अधिवक्ता की कार गड्ढे में फंस गई थी, जिसे स्थानीय लोगों ने श्रमदान कर बाहर निकाला। इस घटना के बाद क्षेत्र की बदहाल सड़कों को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि बस स्टैंड–गायत्री मंदिर–रिसदा चौक मार्ग, लालघाट मार्ग, ढेंगुरनाला पुल मार्ग तथा परसाभांठा मार्ग गहरे गड्ढों, टूटी सड़कों, पुल की जर्जर स्थिति, स्ट्रीट लाइट के अभाव और सड़क किनारे भारी वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन चुके हैं।
अधिवक्ताओं और नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ढेंगुरनाला पुल की तकनीकी जांच कर आवश्यक सुरक्षा कार्य कराए जाएं, सभी प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाई जाए तथा स्कूल और कॉलेज समय में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए। साथ ही सड़क किनारे ट्रेलर और ट्रकों की अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि इन मार्गों से प्रतिदिन हजारों नागरिक, स्कूली विद्यार्थी, मरीज, एम्बुलेंस, अधिवक्ता और शासकीय कर्मचारी आवागमन करते हैं, इसलिए जनसुरक्षा को देखते हुए सड़क सुधार कार्य में अब और विलंब नहीं होना चाहिए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

